मध्यप्रदेश में 8 लाख बालिकाओं को लगाया जाएगा कैंसर रोकथाम टीका, निःशुल्क होगा वैक्सीनेशन

भोपाल। देश में महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक बड़ा और दूरदर्शी कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। 3 माह तक चलने वाले अभियान में देश में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 1 करोड़ किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। मध्यप्रदेश में 8 लाख किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा।

स्वस्थ के क्षेत्र किए जा रहे बेहतर कार्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में प्रिवेंटिव हेल्थ केयर को सशक्त करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। इसी कड़ी में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य के क्षेत्र में दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि बाजार में एचपीवी वैक्सीन की कीमत लगभग 4 हजार रुपये प्रति डोज है, लेकिन सरकार यह टीका 14-15 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं को पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से अपील की कि इस अभियान को जनआंदोलन बनाकर सफल बनाएं।

सर्वाइकल कैंसर मुक्त हो मध्यप्रदेशः उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज का दिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक है। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है, जिसकी प्रिवेलेंस दर लगभग 1 लाख में 156 है। एचपीवी वैक्सीनेशन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर को नियंत्रित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बीमारी होने के बाद इलाज करने से बेहतर है कि हम उसे होने ही न दें। यह अभियान प्रिवेंशन केयर की दिशा में एक बड़ा कदम है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर मुक्त मध्यप्रदेश और स्वस्थ, आत्मनिर्भर नई पीढ़ी का निर्माण सरकार का संकल्प है।

एमपी के प्रत्येक लोकसभा में बनेगे मेडिकल कॉलेज

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में निरोगी काया अभियान, सिकल सेल उन्मूलन मिशन, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, स्वस्थ यकृत मिशन सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समर्पण, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों की सक्रिय सहभागिता और नागरिकों की जागरूकता से हम निःसंदेह अभियान के लक्ष्य को समय से पूर्व प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य की सतत देखभाल और मानकों में सुधार के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच अहम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हब एंड स्पोक मॉडल पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 85 प्रकार की जांचें उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्तीकरण के लिए टेलीमेडिसिन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध होगा और अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है ताकि प्रदेशवासियों को हर क्षेत्र में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *