भोपाल। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में 23 मई को दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार शोकाकुल परिवार के साथ है। सीएम डॉ. यादव ने मृत बच्चों के परिजनों के लिए राज्य शासन की ओर से 6-6 लाख रुपये और रेड क्रॉस सोसायटी की ओर 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की। दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवगतों को शांति प्रदान करें।
यह थी घटना
जानकारी के तहत सीधी ज़िले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के काशी हवा गांव में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे एक कच्चे मकान में आग लग गई थी। जिससे रामरतन साकेत की डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 3 वर्षीय एक अन्य बच्चा और 6 वर्षीय संध्या साकेत बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि पिता मज़दूरी के लिए सीधी शहर गए हुए थे, जबकि उसकी पत्नी घर का दरवाज़ा बाहर से बंद कर राशन लेने दुकान गई थी। इसी दौरान घर के ऊपर से गुज़र रहे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण स्पार्किंग हुई, जिससे पास रखे बांस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान धू-धू कर जल उठा। घर बाहर से बंद होने के कारण अंदर मौजूद डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 3 वर्षीय एक अन्य बच्चा और 6 वर्षीय संध्या साकेत बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।




