सीधी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हालात गंभीर होते जा रहे हैं। क्षेत्र के जलस्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद शनिवार शाम करीब 5 बजे बाणसागर बांध के 18 में से 12 गेट खोल दिए गए। बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका उत्पन्न हो गई है, जिसे देखते हुए चुरहट प्रशासन ने नदी के तटीय इलाकों में बसे 31 गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
चुरहट के एसडीएम अजय शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण किसी भी स्थिति में सोन नदी या उसके आसपास के निचले इलाकों के नजदीक न जाएं। विशेष तौर पर शिकारगंज, लेहेचुआ और खैरा सहित कुल 31 गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे नदियों और नालों का जलस्तर उफान पर है। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति या जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है।




