रीवा में चोरी के शक में युवक को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, सिर और जबड़े में आई गहरी चोटें

Youth held hostage and beaten brutally on suspicion of theft

Youth held hostage and beaten brutally on suspicion of theft: रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के नौबस्ता चौकी अंतर्गत सकरटव गांव में चोरी के शक में एक युवक को उसके पड़ोसियों ने घर में बंधक बनाकर बुरी तरह पीट दिया। युवक को रस्सियों से बांधकर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। घटना शनिवार रात करीब 1 बजे की है।

पीड़ित युवक नीरज यादव उर्फ बेटू को आरोपियों ने घर के अंदर बंद कर रस्सियों से बांध दिया और फिर बेरहमी से पीटा। सभी आरोपी एक ही यादव परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हमले में युवक लहूलुहान हो गया। उसके सिर में कई टांके लगे हैं, जबड़े में गंभीर चोट आई है। हाथ-पैर, गर्दन और पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरी चोटें हैं। गंभीर हालत में युवक को संजय गांधी चिकित्सालय, रीवा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित के परिजन उमेंद्र यादव ने बताया कि शनिवार देर रात आरोपियों ने नीरज को पकड़कर अपने घर में ले गए और रस्सियों से बांधकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर युवक को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने किसी की नहीं सुनी। डायल 112 की टीम के पहुंचने के बाद ही युवक को किसी तरह छुड़ाया जा सका।

परिजनों ने अस्पताल पर भी गंभीर आरोप लगाए

परिजनों ने अस्पताल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गंभीर चोटों के बावजूद डॉक्टरों ने केवल प्राथमिक उपचार देकर युवक को अस्पताल से भगा दिया। उन्होंने पुलिस और चिकित्सकों पर आरोपी पक्ष को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों से शिकायतें दर्ज की गई हैं। मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में युवक का स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है, लेकिन परिजन उसके उचित इलाज और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *