दिल्ली पुलिस में नौकरी का झांसा देकर रीवा की युवती से ठगी, फोटो एडिट कर दी ब्लैकमेल करने की धमकी

Young woman from Rewa defrauded under the pretext of a job in the Delhi Police.

रीवा: जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरवारी गांव से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती को दिल्ली पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने न सिर्फ हज़ारों रुपये ऐंठ लिए, बल्कि उसकी तस्वीरों को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर ब्लैकमेल भी किया। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने हाल ही में दिल्ली पुलिस की भर्ती परीक्षा दी थी। इसके कुछ समय बाद उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले शातिर ठग ने खुद को दिल्ली पुलिस का ‘इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार’ बताते हुए दावा किया कि वह उसकी नौकरी पक्की करवा सकता है।

फर्जी सर्टिफिकेट के नाम पर लीं तस्वीरें, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

कथित इंस्पेक्टर ने फाइनल सर्टिफिकेट और वेरिफिकेशन प्रक्रिया के नाम पर युवती से उसके दस्तावेज और तस्वीरें व्हाट्सएप पर मंगवा लीं। जैसे ही आरोपी के पास तस्वीरें पहुंचीं, उसने अपना असली रंग दिखा दिया। आरोपी ने युवती की तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप से एडिट (मॉर्फ) कर दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। बदनामी और सामाजिक प्रतिष्ठा खोने के डर से घबराई पीड़िता से आरोपी ने अलग-अलग किस्तों और बहानों से अब तक कुल 50 हजार 900 रुपये वसूल लिए।

लगातार बढ़ती धमकियों और पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और मामले की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराई। हालांकि, प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से निराश होकर पीड़िता न्याय की गुहार लगाने सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता को ढांढस बंधाया और साइबर सेल के माध्यम से मामले की त्वरित जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *