रीवा के टमस नदी पुल में जल भराव, तराई अंचल का आवागमन प्रभावित

रीवा। रीवा जिले के तराई क्षेत्र को जोड़ने वाले टमस नदी पुल की बदहाल स्थिति पहली ही बारिश में उजागर हो गई। हल्की बारिश के बाद पुल पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनसीसी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण अब बारिश का पानी पुल पर जमा हो रहा है।

पानी निकलने का नही है रास्ता

ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछने के बाद पुल की जल निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बारिश का पानी निकलने का रास्ता बंद होने से पुल पर जलभराव की स्थिति बन रही है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को न सिर्फ समस्या का सामना करना पड़ रहा है बल्कि सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।

पुल में दरारें, गड्ढे और बढ़ता खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुल पहले से ही जर्जर हालत में है। कई स्थानों पर दरारें पड़ चुकी हैं और सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण पुल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ऐसे में पाइपलाइन का अतिरिक्त भार और जलभराव किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रहा है।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पुल की तकनीकी जांच कराने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो जल भराव से न सिर्फ पुल पूरी तरह से खराब हो जाएगा बल्कि पुल में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *