Vijay TVK Tamil Nadu : तमिलनाडु चुनाव विधानसभा चुनाव में टीवीके ने पहली बार 100 से अधिक सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी ने करीब छह दशक से चले आ रहे द्रविड़ दलों के वर्चस्व को तोड़ दिया है। मगर, विजय की एक गलती ने टीवीके को एक सीट का नुकसान पहुंचाया है।
तमिलनाडु में थलापति विजय कैसे बनाएंगे सरकार?
चुनाव के नतीजे आने के बाद सरकार बनाने की टेंशन शुरू हो गई है। टीवीके पार्टी ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से अभी 10 सीटें कम हैं। इसका मतलब है कि टीवीके को सरकार बनाने के लिए गठबंधन की मदद लेनी ही पड़ेगी।
थलापति विजय ने कौनसी गलती की?
दरअसल, थलापति विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा- पेरंबूर और तिरुचि ईस्ट। नियम के मुताबिक, उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, जिससे पार्टी की संख्या और कम हो जाएगी। साथ ही, सरकार बनने पर एक विधायक को स्पीकर बनाया जाएगा, जो सदन में अपनी पार्टी की संख्या को कम कर सकता है।
बहुमत के लिए TVK को 12 विधायकों का समर्थन चाहिए
अब, टीवीके को बहुमत साबित करने के लिए कम से कम 12 अतिरिक्त विधायकों का समर्थन चाहिए। इस समय, डीएमके और उसके गठबंधन को भी बहुमत के करीब माना जा रहा है, लेकिन अभी भी स्पष्ट बहुमत नहीं है।
गठबंधन में शामिल छोटे दल जैसे कांग्रेस, वाम दल, मुस्लिम लीग और अन्य भी समर्थन में आ सकते हैं। अगर टीवीके इन दलों का समर्थन हासिल कर लेती है, तो आसानी से सरकार बना सकती है।
सरकार बनाने का दावा करने के लिए कितना समय है?
राज्यपाल जल्द ही सरकार बनाने का दावा करने और समर्थन पत्र दिखाने को कह सकते हैं। अगर टीवीके बहुमत साबित नहीं कर पाई, तो डीएमके को मौका दिया जा सकता है। और अगर कोई दल सरकार बनाने में सफल नहीं होता, तो सरकार राष्ट्रपति शासन लागू कर सकती है और फिर से चुनाव कराए जा सकते हैं।

