Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई (CBI Investigation) ने उसकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह (Giribala Singh) और पति समर्थ (Samarth Singh) को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी के वकील ने दोनों की 5-5 दिन की रिमांड मांगी। इस पर आरोपी पक्ष के वकील ने कोई आपत्ति जाहिर नहीं की। जिसके बाद स्पेशल कोर्ट की जज शोभना भलावे (Shobhana Bhalave) ने सीबीआई रिमांड को मंजूरी दे दी। इस मामले में एडवोकेट अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास सीबीआई जांच की आवश्यकता को चुनौती देने का कोई आधार नहीं था।
बता दें कि ट्विशा का पति समर्थ सिंह पहले से ही 7 दिन की सीबीआई रिमांड पर था। शुक्रवार को ये रिमांड खत्म होने पर उसे कोर्ट में पेश किया गया। रिमांड के दौरान सीबीआई दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। समर्थ ने फरारी कहां और किसके साथ काटी, इसको लेकर भी सवाल-जवाब होंगे।
वकील अंकुर पांडे ने बताया कि मजिस्ट्रेट ने 5 दिन की हिरासत मंजूर कर ली है। आरोपियों के वकील ने हिरासत पर कोई आपत्ति नहीं जताई और अब सीबीआई दोनों आरोपियों को 2 जून, 2026 को अदालत में पेश करेगी।"
28 मई की सुबह साढ़े 10 बजे सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। जहां एक कमरे में 7 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
जांच एजेंसी ने 25 मई की रात इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी। बीते तीन दिन में सीबीआई ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया। स्पॉट वेरिफिकेशन के दौरान जांच एजेंसी को ऐसे संकेत मिले, जिनसे सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका मजबूत हुई है।
सीबीआई अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और डिजिटल एविडेंस का इन्वेस्टिगेशन कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि घटना की रात किन-किन लोगों से संपर्क किया गया था और मौत के बाद घटनास्थल पर क्या बदलाव किए गए?
इधर जांच में सामने आया है कि ट्विशा ने कई कंपनियों के करीब 20 लाख रुपए के शेयर खरीद रखे थे। इन्हीं शेयरों को अपने नाम कराने के लिए पति समर्थ और सास गिरीबाला सिंह उस पर दबाव बनाते थे। ट्विशा के एडवोकेट अंकुर पांडे के मुताबिक, शादी के समय इन शेयरों की कीमत करीब 20 लाख रुपए थी।
शादी के बाद ट्विशा वियतनाम गई थी। वहां से लौटने के बाद समर्थ और गिरीबाला को उसके नाम पर शेयर होने की जानकारी मिली। जांच में यह भी सामने आया है कि ट्विशा ने अपनी मां से फोन पर कहा था कि समर्थ और गिरीबाला दहेज की मांग को लेकर उससे हाथापाई करते हैं। दोनों बच्चे को लेकर भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। फिलहाल सीबीआई दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। अब सबकी नजर 2 जून को होने वाली अगली पेशी और जांच से सामने आने वाले नए खुलासों पर टिकी है। शब्द साँची इस घटना से जुड़े अपडेट्स आपतक पहुंचाने का काम करता रहेगा। धन्यवाद




