Rewa News : खाद की किल्लत और सड़क बंद होने से परेशान लोग पहुंचे कलेक्ट्रेट, जनसुनवाई में लगाई फरियाद

collectorate

Troubled by shortage of fertilizer and road closure people reached collectorate: रीवा जिले में किसानों और शहरी निवासियों की मूलभूत समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में दो अलग-अलग मामलों में प्रभावित पक्षों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। एक ओर खाद न मिलने से परेशान बुजुर्ग किसान तो दूसरी ओर सड़क बंद होने से आवागमन प्रभावित होने वाले कोष्टा मोहल्ले के दर्जनों परिवार कलेक्ट्रेट पहुंचे।

कौआढ़ान गांव निवासी बुजुर्ग किसान विद्याधर मिश्रा ने जनसुनवाई में बताया कि पिछले तीन दिनों से वह करहिया मंडी में खाद का टोकन लेने के लिए बार-बार जा रहे हैं, लेकिन मंडी कर्मचारी उन्हें टोकन नहीं दे रहे। किसान का आरोप है कि टोकन वितरण में भारी अव्यवस्था है और कर्मचारी जानबूझकर उन्हीं लोगों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो अधिक पैसे देते हैं। गरीब किसानों को धक्के देकर बाहर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद न मिलने से उनकी फसल को गंभीर नुकसान हो रहा है और खेत में पौधों की स्थिति बिगड़ती जा रही है। किसान ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप कर खाद उपलब्ध करवाने, कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और टोकन वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की।

दर्जन से अधिक परिवार आवागमन से वंचित

दूसरे मामले में रीवा शहरी क्षेत्र के कोष्टा मोहल्ले के लगभग दो दर्जन परिवारों के निवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे। स्थानीय निवासी प्रशांत शर्मा ने बताया कि सरकारी स्कूल के पास बसे इस इलाके में निवासियों ने अमित तिवारी से प्लॉट खरीदकर घर बनाए हैं, लेकिन यहां पक्का रास्ता नहीं है। हाल ही में तिवारी परिवार ने सड़क की खुदाई करवा दी, जिससे पूरा रास्ता बंद हो गया। इससे दो दर्जन से अधिक परिवार आवागमन से पूरी तरह वंचित हो गए हैं। साथ ही बिजली कनेक्शन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी भारी कमी है। निवासियों ने कलेक्टर से मांग की कि प्रशासन तुरंत संज्ञान लेकर बंद रास्ता खुलवाए और बिजली व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाए।दोनों शिकायतों के बाद प्रभावित पक्षों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर उनकी परेशानियां दूर करेगा। जनसुनवाई में दर्ज इन मामलों पर जांच और आवश्यक कदम उठाए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *