रीवा में त्योहारों पर चाक-चौबंद प्रशासन: पटाखा दुकानों और होटलों का सघन निरीक्षण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

festivals

Tight administration during festivals in Rewa: रीवा। जिले भर में दीपावली के पावन पर्व को शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। धनतेरस से लेकर भाईदूज तक होने वाले विभिन्न आयोजनों के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है और लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहा है।

इसे भी पढ़ें : रीवा में धनतेरस की धूम: बाजार हुए ‘दुल्हन’ की तरह तैयार, करोड़ों के कारोबार का अनुमान

कलेक्टर ने दिए निगरानी के निर्देश

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जानकारी दी कि पर्व के मद्देनजर राजस्व और पुलिस अधिकारी लगातार पटाखा विक्रय स्थलों और होटलों का सघन निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारी संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। बाजारों में भारी भीड़ के मद्देनजर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। एसडीएम मनगवां संजय जैन ने मनगवां के पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल और एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी ने तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों के साथ पटाखा बाजारों और होटलों का जायजा लिया। रीवा शहर में एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी ने पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इसके अलावा, मैदानी क्षेत्र में तीन पटाखा गोदामों का भी राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर

निरीक्षण के दौरान पटाखा की दुकानों में सुरक्षा प्रबंधों का विशेष जायजा लिया गया। जहां भी निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे भंडारित पाए गए, वहां प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, होटलों और मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने भी लिए गए।

अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई

गोविंदगढ़, बैकुण्ठपुर, चाकघाट, जवा, मनिकवार, रायपुर कर्चुलियान और गुढ़ जैसे अन्य स्थानों पर भी राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पटाखा दुकानों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को त्यौहार के दौरान लगातार क्षेत्र का भ्रमण करने और कानून-व्यवस्था की कड़ी निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *