रीवा : शिक्षक और डॉक्टर के सूने घरों को चोरों ने बनाया निशाना, 40 से 45 लाख की बड़ी चोरी से इलाके में हड़कंप

Thieves target the vacant homes of a teacher and a doctor in Rewa

रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र में चोरों के लगातार बुलंद होते हौसलों और सिलसिलेवार चोरी की वारदातों ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। हाल ही में हुई दो अलग-अलग वारदातों में चोरों ने एक शिक्षक और एक डॉक्टर के सूने घरों को निशाना बनाते हुए लगभग 40 से 45 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है। इस बड़ी चोरी की घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और गहरा आक्रोश व्याप्त है।

पचमढ़ी ट्रिप पर गए शिक्षक के सूने घर को बनाया निशाना

पहली घटना रविवार की रात बेलौहन टोला वार्ड क्रमांक 26 की है। यहां रहने वाले शिक्षक असीम कुमार सिंह और उनके छोटे भाई आशीष कुमार अपने परिवार के साथ पचमढ़ी ट्रिप पर गए हुए थे। घर के सूने होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने परिसर में धावा बोला और घर के अंदर रखे सोने-चांदी के बेशकीमती जेवरात के साथ डेढ़ लाख रुपये नकद चुरा लिए।

डॉक्टर के घर बेटी की शादी के लिए रखे गहने और नकदी पार

इसी सिलसिले में दूसरी घटना 24 अक्टूबर की रात को घटी, जिसमें पास ही रहने वाले डॉ. सुरेंद्र कुमार दुबे के घर को निशाना बनाया गया। चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर बेटी की शादी के लिए विशेष तौर पर रखे गए नए कपड़ों, पूजा की चांदी की थाली, करीब 160 ग्राम सोना, 3 किलो चांदी और भारी मात्रा में नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, पुलिस कर रही है तलाश

वारदात के दौरान पड़ोसियों की सजगता से जब सूचना मिली और परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे। हालांकि, भाग रहे ये संदिग्ध आरोपी आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर कैद हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और डॉयल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना किया। फिलहाल, पुलिस हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *