रीवा : रिटायर्ड शिक्षक के सूने मकान में घुसे चोर, ढाई लाख नकदी और लाखों के जेवर समेटकर हुए फरार

Thieves broke into a retired teacher's empty house in Rewa.

रीवा। जिले में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे एक के बाद एक चोरी की घटनाओं को बेझिझक अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर बाईपास का है, जहां बदमाशों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के सूने मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मकान में सेंध लगाकर करीब ढाई लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खाली पेटी और अटैची को हरिहरपुर बाईपास सड़क किनारे फेंककर रात के अंधेरे में फरार हो गए।

घटना के संबंध में बताया गया कि पीड़ित लाल बहादुर सिंह का मकान बाईपास से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे, इसी का पूरा फायदा उठाकर चोर घर के भीतर दाखिल हुए। बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखी भारी-भरकम नकदी और कीमती जेवरात समेट लिए। पीड़िता ज्योति सिंह के अनुसार, घर में परिवार की तीन महिलाओं समेत कुल चार सदस्यों के सोने के गहने रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।

सुबह जब आसपास के लोगों और परिजनों को घटना का पता चला तो इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे खाली पेटी व अटैची पड़ी मिलने की सूचना के बाद सगरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *