The student kept the fan blowing and the principal kept listening to songs with earphones on: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। त्योंथर तहसील के शासकीय माध्यमिक शाला पनासी में पदस्थ प्रिंसिपल वर्षा मांझी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कक्षा छठवीं के एक मासूम छात्र से हाथ वाले पंखे से हवा करवा रही हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान मैडम कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुनने में मशगूल दिखीं।
कलेक्टर सख्त, शिक्षा विभाग में हड़कंप
वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रामराज मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई है। कलेक्टर के आदेश के बाद विभाग ने आनंद-फानन में मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। डीईओ का कहना है कि टीम स्कूल जाकर छात्रों के बयान दर्ज करेगी और रिपोर्ट के आधार पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों में डर, ABVP का तीखा हमला
इस घटना ने पीड़ित छात्र के परिजनों को डरा दिया है। परिजन गरीब और पिछड़े वर्ग से ताल्लुक रखते हैं, उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य खराब होने के डर से वे शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, लेकिन स्कूल में ऐसा व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है।
उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने इस मामले में शिक्षा विभाग को आड़े हाथों लिया है। जिला संयोजक पीएन पांडे ने DEO की तुलना ‘धृतराष्ट्र’ से करते हुए कहा कि विभाग की अनदेखी के कारण शिक्षक छात्रों को अपना नौकर समझने लगे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी प्रिंसिपल पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
