एमपी बोर्ड। मध्यप्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं का टाइम-टेबल जारी कर दिया है। कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी 2027 से और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड के दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
10वीं का पहला पेपर 24 फरवरी को
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार, हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2027 यानि 10वीं बोर्ड की शुरुआत 24 फरवरी 2027 को होगी। पहले दिन मराठी, गुजराती, पंजाबी और सिंधी सहित कुछ अन्य निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के पेपर होंगे।10वीं की परीक्षा में गणित के स्टैंडर्ड और बेसिक दोनों विकल्प के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी विशेष विषयों का उल्लेख टाइम टेबल में किया गया है।

11 जून से द्वितीय परीक्षा
बोर्ड ने मुख्य परीक्षा के साथ-साथ इस बार द्वितीय परीक्षा यानि की पूरक, सप्लीमेंट्री, सुधार परीक्षा का भी टाइम टेबल जारी कर दिया है। जिन विद्यार्थियों को अपनी मुख्य परीक्षा के अंकों में सुधार करना होगा या जिन्हें पूरक की पात्रता मिलेगी, उनके लिए द्वितीय परीक्षा का आयोजन 11 जून 2027 से किया जाएगा।





