The accused released from jail on bail opened fire in broad daylight: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लौर थाना क्षेत्र के डिगवार मोड़ पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना हुई, जिसमें जमानत पर हाल ही में जेल से छूटे आरोपी इब्राहिम खान उर्फ सलमान खान ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कट्टे से फायर कर दिया। पीड़ित बाल-बाल बच गया, जबकि गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचकर जमकर पीटा। पुलिस को हस्तक्षेप कर आरोपी की जान बचानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, डिगवार निवासी अनिकेत सिंह उर्फ धीरू अपने दोस्त पंकज सिंह के साथ डेरा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे डिगवार मोड़ के पास आरोपी इब्राहिम खान ने उन्हें रोक लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पैंट से कट्टा निकालकर अनिकेत पर गोली चला दी। गोली सिर के ऊपर से निकल गई, जिससे अनिकेत बाल-बाल बच गया। आरोपी ने दूसरा राउंड फायर करने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उसे दबोच लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर काबू में किया और आरोपी को सुरक्षित थाने पहुंचाया। मौके से खाली कारतूस का खोखा बरामद हुआ है।
पुरानी रंजिश का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इब्राहिम खान पहले एक किशोरी के अपहरण के मामले में जेल जा चुका था। उसने किशोरी को पांड़ेन टोला में रखा था। किशोरी के बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद वह दोबारा किशोरी के पीछे पड़ गया। किशोरी उसके झांसे में आकर परिवार के साथ जाने से इनकार कर रही थी। तीन दिन पहले पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर में काउंसलिंग के लिए भेजा था, जहां से बाद में बालिका सुधार गृह कटनी रेफर कर दिया गया। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने किशोरी के परिवार और उनके मददगार अनिकेत सिंह पर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई की, जिससे पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि जमानत पर छूटने के बाद ऐसे अपराधी दोबारा सक्रिय हो जाते हैं, जिससे समाज में भय का माहौल बनता है। कुछ लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल भी उठाए हैं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, हथियार रखने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो।
