Rewa News : एटीएम में मदद के बहाने शातिर बदमाशों ने कार्ड बदलकर शिक्षक के खाते से उड़ाए 80 हजार

Teacher robbed on the pretext of helping in ATM in Rewa

Teacher robbed on the pretext of helping in ATM in Rewa: रीवा शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत नीम चौराहा स्थित एक एटीएम बूथ पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मदद के बहाने घुसे दो शातिर बदमाशों ने एक शिक्षक का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 80 हजार रुपए पार कर दिए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज शनिवार को सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

मदद के बहाने दिया झांसा
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर के कंदैला स्कूल में पदस्थ शिक्षक मिठाईलाल साकेत (निवासी रविदास नगर) बुधवार, 8 अप्रैल को पैसे निकालने नीम चौराहा स्थित एटीएम पहुंचे थे। तकनीकी कारणों से जब उनका ट्रांजैक्शन फेल हो गया, तभी बाहर खड़े दो युवक मदद के बहाने अंदर घुसे। बदमाशों ने बातों में उलझाकर बड़ी चालाकी से शिक्षक का असली कार्ड अपने पास रख लिया और उन्हें किसी ‘कामता गिरी’ के नाम का दूसरा फर्जी कार्ड थमा दिया। पीड़ित को इस हेराफेरी की भनक तक नहीं लगी और वे कार्ड लेकर घर चले गए।

मैसेज आते ही उड़े होश
वारदात के कुछ ही देर बाद जब शिक्षक के मोबाइल पर खाते से 80 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने जब अपना बटुआ चेक किया तो पाया कि उनके पास मौजूद कार्ड किसी और का है। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल विवि थाने में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV में कैद हुए चेहरे, पुलिस जांच शुरू
पुलिस ने एटीएम बूथ से सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिए हैं, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर रही है और संदिग्ध ठगों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

पुलिस ने इस घटना के बाद आम नागरिकों से अपील की है कि एटीएम बूथ के भीतर किसी भी अनजान व्यक्ति से मदद न लें। अपना सीक्रेट पिन (PIN) छिपाकर दर्ज करें और कार्ड किसी के हाथ में न दें। डिजिटल युग में आपकी सावधानी ही आपकी जमापूंजी की सुरक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *