सतना : ड्यूटी पर जा रहे प्राथमिक शाला के शिक्षक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत

Teacher on his way to duty dies after being hit by an unidentified vehicle in Satna.

सतना: जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दुखद सड़क हादसे में शासकीय प्राथमिक शाला के शिक्षक की अकाल मौत हो गई। हादसा मटेहना के पास उस वक्त हुआ, जब शिक्षक अपनी बाइक से स्कूल में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

स्कूल जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक की पहचान 58 वर्षीय इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। वे रामपुर बघेलान विकासखंड क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला बरती में पदस्थ थे और अमूमन वहीं रहते थे। मंगलवार को वे किसी निजी काम से सतना आए हुए थे। शहर के भरहुत नगर में उनका स्वयं का मकान होने के कारण उन्होंने रात वहीं बिताई थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वे बाइक पर सवार होकर वापस बरती स्थित अपने स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही इस हादसे का शिकार हो गए।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में शिक्षक को तत्काल जिला अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही शिक्षक के परिजन भी बदहवास हालत में अस्पताल पहुँच गए। पुलिस ने आवश्यक मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल, कोलगवां थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *