रीवा के गुढ़ में तैयार हुआ ऐसा काल भैरव लोक, सीएम मोहन यादव 31 जनवरी को कर रहे लोकार्पण

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 जनवरी को रीवा आ रहे है। वे गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समारोह में भैरवनाथ मंदिर परिसर में बनकर तैयार हुए काल भैरव लोक का लोकार्पण करेंगे। तय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भैरवनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करके मंदिर में ध्वज चढ़ाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर के समीप आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। समारोह में निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास तथा हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।

काल भैरव की लेटी हुई है आदमकद प्रतिमा

रीवा के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित खामाडीह गांव में काल भैरव की आदमकद लेटी हुई विशाल प्रतिमा स्थापित है। भगवान काल भैरव की यह अद्भुत प्रतिमा 10वीं व 11वीं शताब्दी के मध्य की है. यहां पर साल भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने आते हैं. लम्बे समय से उपेक्षा के शिकार इस क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया, गुढ़ क्षेत्र से लगातार बीजेपी से जीत दर्ज करके विधायक बन रहे नाग्रेन्द सिंह के भागीरथी प्रयास से अब इस मंदिर का जीर्णाेद्धार कराया गया है। पहाड़-झरनो के बीच पड़े हुए भैरव बाबा के इस स्थल को काल भैरव लोक के रूप में तैयार किया गया है।

एक ही चट्टान पर स्थापित है प्रतिमा

इतिहासकार बताते है कि काल भैरव की प्रतिमा लगभग 11वीं शताब्दी पुरानी है। काल भैरव की प्रतिमा 8.50 मीटर लंबी और 3.70 मीटर चौड़ी है जो कर्चुली कालीन है। साल 2020 में मंदिर को नया और भव्य रूप देने की कार्य योजना बनाई गई. जिसके बाद काम शुरू किया गया और 5 साल बाद अब मंदिर का भव्य रूप बनकर तैयार हो चुका है. इसके निर्माण में जयपुर के मार्बल का इस्तेमाल किया गया. मंदिर निर्माण के बाद अब यह धाम, काल भैरव लोक कहा जाने लगा है।

दुर्लभ है ऐसी प्रतिमा

कालभैरव की यह प्रतिमा ऐतिहासिक और दुर्लभ है. इस प्रतिमा में भगवान के दाईं ओर हाथ में रुद्राक्ष की माला है, तो बाएं तरफ एक हाथ में सर्प और दूसरे हाथ में कलश है. गले में भी रुद्राक्ष की माला और सर्प लिपटे हुए हैं. कमर में सिंह मुख का अंकन है. प्रतिमा के दोनों ओर एक खड़े हुए, एक बैठे हुए पूजक का अंकन है।

प्रशासन ने लिया तैयारी का जायजा

काल भैरव लोक के लोकापर्ण की तैयारी को लेकर विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह तथा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने मंदिर परिसर, मुख्य कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हेलीपैड स्थल में चारों ओर से बेरिकेडिंग कराएं। मंदिर के लोकार्पण के समय सीमित संख्या में लोगों को मंदिर में प्रवेश दें। समारोह में बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। उनके बैठने, पेयजल और सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध करें। वाहनों के पार्किंग स्थल रैम्प बनाकर आवागमन सुगम कराएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एसडीएम गुढ़ सुधाकर सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग नितिन पटेल, कार्यकारी संचालक आईडीसी यूके तिवारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *