सीधी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में जनजागरूकता एवं विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।
राष्ट्र समाज के लिए घातक है नशा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी मुकेश कुमार शिवहरे ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने उपस्थितजनों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
नशें के दुष्प्रभाव से लोगो को करें जागरूक
जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक पात्र नागरिक को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने उपस्थितजनों से अपने परिवार एवं समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुकेश कुमार शिवहरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी धीरज आर्य, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल देवेन्द्र प्रसाद मिश्रा, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार श्रीवास्तव, बाबूलाल सिंह, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल देवेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, सत्यप्रकाश पाण्डेय, कुमोध यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




