सीधी: पेड़ से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, 2 घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक, जेसीबी और कटर से किया रेस्क्यू

Speeding truck crashes into a tree in Sidhi.

सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम चमराडोल में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक बुरी तरह केबिन के अंदर फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी, कटर और ड्रिल मशीन की मदद से ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटा गया और भारी पुर्जों को हटाया गया। करीब दो घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका।

घायल चालक की पहचान मोहम्मद इकराम (65), निवासी भोपाल के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की सहायता से तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाई गई, जिसके जरिए उन्हें मझौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया था। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया गया। फिलहाल घायल चालक की स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *