रीवा में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह से मचा हड़कंप, पंपों पर सुबह से लगी लंबी कतारें

Rumor about petrol and diesel creates stir in Rewa

Rumor about petrol and diesel creates stir in Rewa: रीवा जिले में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह तेजी से फैल गई। ईरान-इजराइल युद्ध की खबरों के बीच फैली इस अफवाह के चलते तड़के 5 बजे से ही शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

घबराए लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने लगे, जिससे कई पंपों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की।

मामले को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।

हालांकि, वर्तमान व्यवस्था के तहत पेट्रोल पंप संचालकों को अब क्रेडिट के बजाय एडवांस भुगतान पर ईंधन मिल रहा है, जिससे कुछ संचालकों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन अफवाहों के कारण अचानक बढ़ी मांग से दबाव जरूर बना हुआ है। अधिकारियों ने आम जनता से सहयोग की अपील की है, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *