कूडो चौंपियनशिप में रीवा के खिलाड़ियों ने एमपी का लहराया परचम, जीते 28 पदक

रीवा। गुजरात के सूरत शहर में आयोजित कूडो नेशनल एवम् इंटरनेशनल चौंपियनशिप में रीवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में 25 से 30 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में रीवा के 13 खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन दिखाते हुए कुल 28 पदक जीते, जिनमें 16 स्वर्ण, 2 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।

देश भर से 4672 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

इस प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 4672 खिलाड़ी शामिल हुए थे, जबकि मध्य प्रदेश से 186 खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट में तीन बड़ी प्रतियोगिताएं शामिल थी। 16वीं कूडो नेशनल टूर्नामेंट, 6वीं फेडरेशन कप और 17वीं अक्षय कुमार इंटरनेशनल टूर्नामेंट।

इन खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक

आयोजित इस प्रतियोगिता में रीवा के प्रभात पाल, आद्विक सिंह और अभिनव सिंह ने तीनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। श्रेष्ठ सोहगौरा ने 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीता, वहीं श्रद्धा शुक्ला ने 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा विशाल बंसल, सुभद्रा बंसल, तान्या द्विवेदी और कोच उमेश साकेत ने भी स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर रीवा का नाम रोशन किया। इसके अलावा जय कुमार साकेत और मिशिका सिंह ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, हालांकि वे मेडल से थोड़ा चूक गए।

बॉलीबुड सितारों का रहा जमावड़ा

टूर्नामेंट के समापन दिवस पर बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, जैकी श्रॉफ और अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। रीवा के इन विजेताओं की कामयाबी से पूरे मध्य प्रदेश में खुशी की लहर है और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दिए, तो रीवा के खिलाड़ियों का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ी भी काफी उत्साहित रहे और रेलवे स्टेशन पर खुद भी डांस करके इस सफलता का उत्सव मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *