Rewa News: बहुती नहर परियोजना की राह होगी आसान, उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में तय की डेडलाइन

Deputy Chief Minister sets deadline for Bahuti Canal Project

Deputy Chief Minister sets deadline for Bahuti Canal Project: विंध्य क्षेत्र के किसानों की खुशहाली और सिंचाई सुविधाओं को विस्तार देने के लिए मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज सर्किट हाउस रीवा में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक का मुख्य केंद्र रीवा, सीधी और सतना जिलों की जीवन रेखा मानी जाने वाली बहुती नहर परियोजना रही। उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की धीमी गति और मार्ग में आने वाली बाधाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि सभी अड़चनों को तत्काल दूर कर कार्य को युद्ध स्तर पर पूर्ण करें।

किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता
समीक्षा के दौरान डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य हर खेत तक पानी पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि बहुती नहर परियोजना में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं के कारण किसानों को लाभ मिलने में देरी हो रही है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा (Deadline) निर्धारित कर काम करने और आपसी समन्वय बनाकर लंबित फाइलों को क्लीयर करने के निर्देश दिए।

बाणसागर और माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं की भी हुई स्कैनिंग
बहुती नहर के अलावा, उपमुख्यमंत्री ने बाणसागर परियोजना और क्षेत्र में चल रही विभिन्न माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रोजेक्ट्स की भौतिक और वित्तीय प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि सिंचाई परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही या लेटलतीफी सीधे तौर पर कृषि उत्पादन को प्रभावित करती है।

बैठक में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता सहित रीवा, सीधी और सतना जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से विभाग में हड़कंप है और उम्मीद जताई जा रही है कि रुकी हुई परियोजनाओं में अब तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *