रीवा। विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को रेलवे ने पूरा कर दिया है। रीवा से मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस) के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित रूप से संचालित करने की मंजूरी दे दी गई है। इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला और सांसद जनार्दन मिश्रा के प्रयासों को दिया जा रहा है। आगामी 23 तारीख को डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रीवा रेलवे स्टेशन से रवाना कर सकते हैं।
लगातार बढ़ रही मांग के बाद रेलवे का फैसला
गौरतलब है कि रीवा से मुंबई के लिए शुरू की गई स्पेशल ट्रेन की लोकप्रियता और यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इसकी ट्रिप बार-बार बढ़ाई जा रही थी। फरवरी माह में इस ट्रेन को जून तक के लिए विस्तार दिया गया था, लेकिन यात्रियों के बढ़ते दबाव और जन भावनाओं का सम्मान करते हुए रेलवे ने अब तमाम औपचारिकताओं को पूरा कर इसे नियमित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन न केवल रीवा बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के लोगों के लिए मुंबई तक के सफर को सुगम बनाएगी।
समय और रूट की जानकारी
यह ट्रेन संख्या 02187 (रीवा-सीएसएमटी) हर सप्ताह गुरुवार को अपने निर्धारित समय दोपहर 3:50 बजे रीवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक दो से रवाना होगी। यह ट्रेन सतना, मैहर, कटनी जंक्शन और जबलपुर होते हुए शुक्रवार को मुंबई पहुँचेगी। वापसी में यह शुक्रवार को ही मुंबई से चलकर शनिवार को रीवा लौटेगी। इस ट्रेन के नियमित होने से व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और विंध्य का मुंबई से संपर्क और भी मजबूत होगा।




