जबलपुर। जबलपुर मध्य रेलवे से महाराष्ट्र को जोड़ने वाली 3 महत्वपूर्ण ट्रेनों का स्पेशल टैग हटा दिया गया है। जो खबरें आ रही है उसके तहत रीवा-सीएसएमटी (मुंबई), जबलपुर-पुणे और जबलपुर-बांद्रा के बीच चलने वाली ट्रेन अब नियमित की श्रेणी में शामिल हो गई हैं। जिससे उक्त ट्रेनों का संचालन समय पर होने के साथ ही यात्रियों को किराए में भी राहत मिलेगी।
अभी सप्ताहिक चल रही ट्रेन
ज्ञात हो कि अभी तीनों ट्रेनें सप्ताह में एक दिन चलती हैं। इतना ही नही समय-समय पर ट्रेनों के संचालन के लिए अनुमति लेना भी जरूरी होता था। जिसके चलते ट्रेन यात्रियों में असंमजस की स्थित बनी रहती थी। नए निर्णय के तहत ट्रेनों का संचालन नियमित होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा तो होगी ही, उन्हे किराए में भी राहत मिलेगी।
समय पर हो सकेगा संचालन
एमपी और महाराष्ट्र के लिए चलने वाली उक्त तीनों ट्रेन अक्सर देरी से चल रही थी। उसकी वजह थी कि
स्पेशल दर्जा होने के कारण इन ट्रेनों को प्राथमिकता नहीं मिलती थी और रास्ते में अन्य ट्रेनों को निकालने के लिए इन्हे रोका जाता था। जिसके चलते रीवा-मुंबई ट्रेन 10 से 12 घंटे तक और जबलपुर-पुणे ट्रेन 4 से 5 घंटे तक देरी से पहुंच रही थी। नियमित होने से समय पर संचालन भी संभव हो सकेगा।
