रीवा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर सांसद जनार्दन मिश्र के तल्ख तेवर देखने को मिले। समूह नलजल योजनाओं की खराब प्रगति और बिजली सुधार कार्यों में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताते हुए सांसद ने लापरवाह ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में चार विधायकों और जिला पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और अक्षय ऊर्जा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
नलजल योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कंदैला और बाणसागर प्रोजेक्ट की प्रगति खराब
बैठक में सांसद जनार्दन मिश्र ने साफ शब्दों में कहा कि समूह नलजल योजनाओं की प्रगति बेहद चिंताजनक है। पाइपलाइन बिछाने, घरों में कनेक्शन देने और पानी की टंकियों के निर्माण में ठेकेदारों द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर नल से स्वच्छ जल’ के संकल्प में बाधा डालने वाले ठेकेदारों पर तत्काल एफआईआर और ब्लैकलिस्टिंग जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए। सांसद ने विशेष रूप से कंदैला नलजल योजना, रीवा बाणसागर और टमस बाणसागर समूह नलजल योजना के कार्यों की धीमी गति पर असंतोष जताया और संबंधित निर्माण एजेंसियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
डेडलाइन खत्म होने के बाद भी बिजली कार्य अधूरे, सोलर पैनल योजना में तेजी लाने के निर्देश
बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सांसद ने आरडीएसएस (फीडर सेपरेशन) योजना में समय सीमा बीत जाने के बाद भी कार्य पूरा न होने पर निर्माण एजेंसी को फटकार लगाई। उन्होंने अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए कि मजदूरों की संख्या बढ़वाकर कार्य तेज कराएं और क्षतिग्रस्त केबिलों को तुरंत बदलने के लिए नई केबिल खरीदी जाएं। इसके अलावा, ‘हर घर सूर्य ऊर्जा योजना’ की कछुआ चाल पर भी चिंता व्यक्त की गई, जिसके तहत जिले में अब तक केवल 3,680 घरों में ही सोलर पैनल लग पाए हैं। सांसद ने शासकीय भवनों सहित किसानों और जनप्रतिनिधियों को इस योजना से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही।
कुपोषण के खिलाफ अनूठी पहल: स्कूल और आंगनवाड़ियों में लगेंगे मुनगे के पौधे
महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने एनिमिक (खून की कमी वाली) और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाली आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर ऐक्शन लेने को कहा। बच्चों और छात्राओं में कुपोषण को दूर करने के लिए सांसद ने एक अनूठी पहल करते हुए जिले के हर स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र में कम से कम पाँच-पाँच मुनगे (सहजन) के पौधे रोपित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इसके पोषणयुक्त उपयोग से कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। इसके साथ ही, जर्जर स्कूल भवनों को ध्वस्त करने और स्कूलों में साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सही जानकारी न देने पर जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी को नोटिस
बैठक में मौजूद गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह, मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति, सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने भी नलजल, बिजली और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जनप्रतिनिधियों के तेवरों को देखते हुए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बैठक में सही और स्पष्ट आंकड़े प्रस्तुत न करने पर जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि शासन की प्राथमिकताओं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




