रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) स्टारर ‘रामायण (Ramayana)’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म का आधिकारिक बजट पहले ही करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा चुका है, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा निवेश माना जाता है। लेकिन अब सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि फिल्म का बजट बढ़कर 5000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आखिर क्यों उड़ रही हैं बजट बढ़ने की खबरें?
सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि फिल्म में बड़े पैमाने पर VFX और Virtual Production Technology का इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के कई बड़े दृश्य वास्तविक लोकेशनों पर शूट करने के बजाय स्टूडियो में LED Walls, Green Screen और Computer Generated Imagery की मदद से तैयार किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि जंगल, नदियां, युद्ध के मैदान, वानर सेना और राम सेतु जैसे भव्य सीक्वेंस पूरी तरह डिजिटल तकनीक के जरिए बनाए गए हैं। इसी वजह से प्रोडक्शन लागत लगातार बढ़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
VFX पर भारी खर्च की चर्चा
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म का खर्च पहले ही 4800 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है। चूंकि अभी पोस्ट-प्रोडक्शन, CGI फिनिशिंग और विजुअल एन्हांसमेंट का काम बाकी है, इसलिए कुछ लोग अनुमान लगा रहे हैं कि कुल लागत 5000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू सकती है।
हालांकि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा (Namit Malhotra) या मेकर्स की ओर से बजट बढ़ने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फर्स्ट लुक के बाद हुए बदलाव?
फिल्म के फर्स्ट लुक टीजर को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था। इसके बाद ऐसी खबरें भी आईं कि कुछ विजुअल्स और सीक्वेंस पर दोबारा काम किया गया। इसी कारण बजट बढ़ने की चर्चाओं को और हवा मिली।
बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा होगा दबाव?
अगर फिल्म का बजट वास्तव में 4000 करोड़ रुपये से ऊपर जाता है, तो इसकी रिकवरी एक बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में फिल्म को केवल हिंदी बाजार ही नहीं, बल्कि पैन इंडिया और ओवरसीज मार्केट में भी रिकॉर्ड कमाई करनी होगी।
कब रिलीज होगी रामायण?
निर्देशक नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) की इस मेगा प्रोजेक्ट का पहला भाग 30 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाला है। वहीं ‘रामायण: पार्ट 2’ अगले साल दीपावली पर सिनेमाघरों में दस्तक दे सकता है।
फिलहाल 5000 करोड़ रुपये के बजट की खबरें केवल चर्चाओं और सोशल मीडिया दावों तक सीमित हैं। आधिकारिक तौर पर फिल्म का बजट बढ़ने की पुष्टि नहीं की गई है।




