लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के बंगाली मार्केट स्थित टोडरमल पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने ऑटो रिक्शा ड्राइवर्स (Auto Rickshaw Drivers) के साथ समय बिताया। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इस दौरान ऑटो चालकों की यूनिफॉर्म पहने नजर आए और पार्क में जमीन पर बैठकर उनके साथ सादा खाना भी खाया।
इस मुलाकात के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें राहुल गांधी ऑटो ड्राइवर्स के साथ बातचीत करते और उनकी समस्याएं सुनते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ऑटो की सवारी भी की।
राहुल गांधी ने ड्राइवर्स से उनकी रोजमर्रा की परेशानियों, कमाई, बढ़ते खर्च, महंगाई (Inflation) और कामकाज की स्थिति को लेकर विस्तार से बातचीत की। ऑटो चालकों ने उन्हें बताया कि बढ़ती गैस कीमतों और महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
मुलाकात के बाद ऑटो ड्राइवर रमेश प्रसाद ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे परिवार, बच्चों की पढ़ाई और रोज की कमाई के बारे में पूछा। उन्होंने कहा-
“हमने राहुल जी के साथ दाल, रोटी और सब्जी का साधारण खाना खाया। वो अचानक हमारे बीच आ गए, जिससे हमें बहुत अच्छा लगा।”
एक अन्य ऑटो ड्राइवर अरिंदर कुमार शाह ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) और रोजमर्रा के खर्च बढ़ने की परेशानी बताई। ड्राइवर्स के मुताबिक राहुल गांधी ने उनकी समस्याएं संसद (Parliament) में उठाने का भरोसा दिया।
ऑटो चालकों ने यह भी बताया कि राहुल गांधी ने बीमा (Insurance), आर्थिक सहायता और कामकाज से जुड़ी दिक्कतों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे ड्राइवर्स के मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाएंगे।
हाल के महीनों में राहुल गांधी अलग-अलग पेशों से जुड़े लोगों के बीच जाकर संवाद करते नजर आए हैं। इससे पहले वे ट्रक ड्राइवर्स, डिलीवरी बॉय और मजदूरों के साथ भी बातचीत कर चुके हैं।




