PWD मंत्री राकेश सिंह मैहर पहुंचे, सपरिवार किए मां शारदा के दर्शन, कहा-भाजपा 5 राज्यों में जीतेगी

PWD Minister Rakesh Singh reached Maihar

PWD Minister Rakesh Singh reached Maihar: मैहर। मध्य प्रदेश सरकार के लोक निर्माण (PWD) मंत्री राकेश सिंह रविवार सुबह करीब 11:30 बजे सपरिवार मैहर पहुंचे। उन्होंने त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर मंत्री सिंह ने श्रद्धापूर्वक माता रानी के दर्शन किए और विशेष पूजा संपन्न की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री राकेश सिंह ने शारदा लोक निर्माण परियोजना पर जानकारी लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई घोषणा हुई है तो भाजपा सरकार उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि वे देखेंगे कि यह मामला कहां रुका हुआ है। नागौद-परसमनिया वाया मैहर सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने पर मंत्री सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कहीं भी गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने गुणवत्ता सुधार का आश्वासन देते हुए कहा कि अभी तक उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली थी, लेकिन मीडिया से जानकारी मिलते ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा सभी राज्यों में ऐतिहासिक बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनकी नीतियों और गरीब कल्याण योजनाओं की देशव्यापी स्वीकार्यता का जिक्र करते हुए कहा कि इसका परिणाम निश्चित रूप से भाजपा की विजय के रूप में सामने आएगा। मंत्री अपने परिवार के साथ मां शारदा के दरबार में पूजा-अर्चना करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *