प्रधानमंत्री मोदी का Gen-Z से संवाद, झूठी और भ्रामक बातों से बचने की अपील, धुरंधर के गाने ओर एंट्री

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे। यहां आयोजित ‘NaMo for Viksit Bharat’ कार्यक्रम में उनका अलग अंदाज देखने को मिला। युवाओं के बीच पहुंचे PM मोदी के लिए खास Y-शेप रैंप तैयार किया गया था। मोदी इसी रैंप पर चलते हुए युवाओं के बीच पहुंचे। इस दौरान बैकग्राउंड में फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का गाना ‘आरी आरी’ और Queen का ‘We Will Rock You’ बजाया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। यहां प्रधानमंत्री ने युवाओं के साथ सीधे संवाद किया और देश के विकास, रोजगार, टेक्नोलॉजी और भविष्य को लेकर अपनी बात रखी। उनका यह अंदाज Gen-Z से सीधे जुड़ने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

झूठ की गूंज’ पर मोदी का तंज

कार्यक्रम में PM मोदी ने कहा कि देश तेज गति से विकास की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग हैं जो हर चौराहे पर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं।आगे उन्होंने कहा कि “सच की हुंकार के आगे, झूठ की गूंज टिक नहीं सकेगी।” मोदी ने युवाओं से कहा कि वे सच को समझें और देश को आगे ले जाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा और कांग्रेस दोनों ही युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। हालांकि मोदी ने इस टिप्पणी में राहुल गांधी का नाम सीधे नहीं लिया।

Gen-Z से जुड़ने का नया अंदाज

वडोदरा के कार्यक्रम को खास तौर पर युवाओं से संवाद पर केंद्रित रखा गया था। मोदी के लिए बनाए गए Y-शेप रैंप के दोनों तरफ युवा मौजूद थे। PM मोदी ने रैंप पर चलते हुए युवाओं का अभिवादन किया।

कार्यक्रम की एंट्री और प्रस्तुति को भी युवाओं की पसंद के हिसाब से तैयार किया गया था। ‘We Will Rock You’ और ‘आरी आरी’ जैसे गानों के इस्तेमाल ने कार्यक्रम को सामान्य सरकारी कार्यक्रमों से अलग बना दिया।

35 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट

वडोदरा में PM मोदी ने ₹35,000 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें रेलवे, Western Dedicated Freight Corridor, हाईवे और गुजरात सरकार की कई परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने Western Dedicated Freight Corridor के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण सेक्शन राष्ट्र को समर्पित किए। इन परियोजनाओं पर ₹20,700 करोड़ से ज्यादा खर्च हुआ है।

इसके अलावा उन्होंने छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। यह रेल लाइन अलीराजपुर के दूरस्थ और आदिवासी इलाकों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई ट्रेन को हरी झंडी

PM मोदी ने वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। इससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

इसके अलावा वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन समेत तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 329 किलोमीटर है और इन पर ₹9,700 करोड़ से ज्यादा खर्च होने हैं।

कार्यक्रम में युवाओं पर रहा फोकस

वडोदरा का यह कार्यक्रम सिर्फ विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास तक सीमित नहीं रहा। इसमें युवाओं के साथ सीधे संवाद और उन्हें सरकार के विकास विजन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

हाल के दिनों में Gen-Z के बीच सोशल मीडिया और युवाओं की भाषा में राजनीतिक संवाद बढ़ा है। ऐसे में PM मोदी का Y-शेप रैंप पर युवाओं के बीच पहुंचना और लोकप्रिय गानों के बीच कार्यक्रम में शामिल होना राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *