रीवा में खेल और सुरक्षा का संगम: समर कैंप के साथ पुलिस ने शुरू किया ‘हेलमेट जागरूकता’ अभियान

Police started 'helmet awareness' campaign with summer camp in Rewa

रीवा: शहर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘समर कैंप’ के शानदार आगाज के साथ रीवा पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। खेल गतिविधियों के शुभारंभ अवसर पर पुलिस ने बच्चों और उनके अभिभावकों को जीवन की सुरक्षा का पाठ पढ़ाते हुए हेलमेट जागरूकता का बिगुल फूंका। इस दौरान खेल और सुरक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ यह संदेश दिया गया कि जिस तरह खेल में अनुशासन जरूरी है, उसी तरह सड़क पर नियमों का पालन अनिवार्य है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, खेल अधिकारी धौलपुरी, सूबेदार यातायात अखिलेश कुशवाह एवं अंजली गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। अधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि एक ऐसा जीवन रक्षक कवच है जो किसी भी अनहोनी की स्थिति में सिर की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति संजीदा बनाना है, ताकि भविष्य में सड़क हादसों और उनमें होने वाली जनहानि को रोका जा सके।

एक्शन मोड में यातायात पुलिस, लाइसेंस निलंबन की तैयारी

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। एक ओर जहाँ पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर आम जनता को नियमों के प्रति शिक्षित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लापरवाही बरतने वालों पर सख्त शिकंजा कसा जा रहा है। जिले भर में हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले चालकों के न केवल चालान काटे जाएंगे, बल्कि उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी।

चौराहों पर दी जा रही समझाइश और डेमो

अभियान के तहत शहर के प्रमुख सिरमौर चौराहे पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चालकों को रोककर न केवल हेलमेट पहनने की समझाइश दी, बल्कि एक लाइव डेमो के माध्यम से यह भी दिखाया कि दुर्घटना के समय हेलमेट किस तरह सिर को गंभीर चोटों से बचाता है। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने की इस दोहरी रणनीति से उम्मीद जताई जा रही है कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोग अपनी सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *