लखनऊ में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के एक बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्होंने अपने “चच्चू” शिवपाल यादव को नहीं संभाला, तो वह उन्हें कभी सत्ता तक नहीं पहुंचने देंगे।
ओपी राजभर ने कहा कि शिवपाल यादव ऐसी बातें कर रहे हैं, जिनसे गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवपाल यादव सपा की सरकार बनने पर कुछ लोगों के मुकदमे वापस लेने और आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं। राजभर ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति को सजा मिल चुकी हो, वह चुनाव कैसे लड़ सकता है और मंत्री कैसे बन सकता है।
राजभर ने सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए मॉडल अपराध को बढ़ावा देने वाला दिखाई दे रहा है। साथ ही अखिलेश यादव को विभीषण का उदाहरण देते हुए सलाह दी कि उन्हें इतिहास और पौराणिक कथाओं से सीख लेनी चाहिए।
मंत्री ने यह भी कहा कि उनके दफ्तर में गुंडा भेजे जाने के मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जांच में यह भी सामने आ सकता है कि इसके पीछे किसका हाथ था।
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस बयान से हुई, जो सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने रामपुर दौरे के दौरान दिया था। शिवपाल यादव बुधवार को रामपुर जेल में बंद वरिष्ठ सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि अगर भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा।
शिवपाल यादव के इसी बयान को लेकर अब विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।




