जम्मू-कश्मीर के बडगाम में एक आतंकी ढेर, सेना-पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन जारी

बडगाम। जम्मू-कश्मीर के बडगाम में शुक्रवार को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में एक आतंकी को मार गिराया गया। चिनार कॉर्प्स ने X पोस्ट के जरिए ऑपरेशन की जानकारी दी है।

जंगल के अंदर अशदार गली इलाके में आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षाबलों ने यह ऑपरेशन चलाया। सुरक्षाबलों को इलाके में एक और आतंकी के छिपे होने का अंदेशा है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।

सेना के अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि, मौके से एक AK राइफल बरामद हुई है। घाटी में कई महीनों बाद इस तरह की मुठभेड़ होने की जानकारी सामने आई है।

पुलवामा से बडगाम आने की खबर मिली थी

सुरक्षाबलों को गुरुवार शाम आतंकियों के एक संदिग्ध ग्रुप के पुलवामा जिले के पाखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर बढ़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

चिनार कॉर्प्स ने X पर बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने बडगाम के अशदार गली इलाके में जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया।

जवानों को देखते ही फायरिंग शुरू की

चिनार कॉर्प्स के अनुसार, जवानों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों से सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच तेज गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया। इलाके में दूसरे संभावित आतंकी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *