सतना : NEET छात्रा से दरिंदगी, दोस्त को बंधक बनाकर तीन युवकों ने झाड़ियों में किया गैंगरेप

NEET student from Satna gang-raped in Chitrakoot

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली और राजस्थान के कोटा में नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक 20 वर्षीया छात्रा के साथ यूपी के चित्रकूट स्थित देवांगना घाटी के जंगलों में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा बुधवार को चित्रकूट घूमने आई थी और दोपहर के समय अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ घाटी की पहाड़ी पर बैठी थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और छात्रा के साथ अभद्रता करने लगे।

विरोध करने पर बदमाशों ने छात्रा के नाबालिग दोस्त को बेल्ट से जमकर पीटा और उसके हाथ-पैर गमछे से बांधकर ज़मीन पर पटक दिया। इसके बाद चिल्लाने पर पहाड़ी से नीचे फेंकने की धमकी देते हुए तीनों दरिंदे छात्रा को ज़बरदस्ती घसीटकर पास की झाड़ियों में ले गए, जहाँ उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ हैवानियत की हदें पार कीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित युवक ने किसी तरह खुद के बंधन खोले और बदहवास हालत में पड़ी छात्रा के पास पहुँचा। पहाड़ी पर मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण उसने नीचे उतरकर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। चित्रकूट एसपी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, छात्रा के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास मिले सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में तीनों आरोपी बाइक से भागते हुए नज़र आए हैं, जिसके आधार पर पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर संदिग्धों से पूछताछ और आरोपियों की धरपकड़ तेज़ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *