Mysterious fossil found on Atraula hill in Sidhi: सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरौली कला की अतरौला पहाड़ी पर मिले संदिग्ध जीवाश्म ने इलाके में उत्सुकता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार, यहां 11 से 12 मीटर लंबी विशाल हड्डियां मिली हैं, जो किसी प्राचीन विशालकाय जीव की हो सकती हैं। इस खोज की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और सिहावल एसडीएम को अवगत कराया था, लेकिन शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
इस बीच कुछ बच्चों ने हड्डियों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे इन ऐतिहासिक साक्ष्यों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया। नारायण केवट ने स्वयं पहल करते हुए बिखरी हुई हड्डियों को एकत्र कर एक स्थान पर सुरक्षित रखा। ग्राम पंचायत से जुड़े राम सुमिरन पटेल ने बताया कि घटना को करीब पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुरातत्व व वन विभाग का कोई अधिकारी या विशेषज्ञ टीम मौके पर नहीं पहुंची है। हड्डियां अभी भी पहाड़ी क्षेत्र में बिखरी पड़ी हैं, जिससे इनके नष्ट होने या चोरी होने की आशंका बनी हुई है।
सिहावल की एसडीएम एवं पुरातत्व विभाग की अधिकारी प्रिया पाठक ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने पुरातत्व विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया है और विशेषज्ञ टीम को बुलाने की कोशिश जारी है। साथ ही वन विभाग को स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
