सागर। सागर के जहरीली शराब कांड में पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुख्य आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर किया है। बरायठा के जंगल में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में रवि लखेरा के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए बंडा अस्पताल ले जाया गया है। रवि पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस पर कर दिया था फायरिंग
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रवि लखेरा लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बरायठा के जंगल में स्थित हनुमान टोंग मंदिर के आसपास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी रवि लखेरा ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दर्जनों लोगो की हो चुकी है मौत
सागर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक दर्जनों लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने अभी 16 मौतों की ही आधिकारिक पुष्टि की है। गुरुवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती तीन और मरीजों की मौत हुई थी। इससे पहले प्रशासन ने मामले से जुड़े तीन आरोपियों मनीष लोधी, चंद्रभान सिंह राजपूत और आशीष साहू के पांच मकानों के कथित अवैध हिस्सों पर बुलडोजर कार्रवाई की थी।
कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री ने किया फ्री हैंड
जहरीली शराब से मौतों के मामले में मुख्यमंत्री ने पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले में सख्त एक्शन के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई के बारे में बात करते हुए कहा कि आरोपियों को ऐसी सजा देंगे कि दोबारा कोई इस तरह के काम करने की हिम्मत नहीं करेगा।
मुख्यमंत्री ने की पुष्टि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर की घटना और कानून-व्यवस्था को लेकर बताया कि प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने कल घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई कदम उठाए हैं। शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है। प्रदेश में नशाखोरी के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

