MP: मध्यप्रदेश राजभवन का नाम बदला, अब होगा ‘लोक भवन’, देश के 9 राज्यों में लागू

MP राजभवन का नया नाम लोक भवन और 9 राज्यों में लागू निर्णय

Rajbhawan Name Change: मध्य प्रदेश सहित देशभर के राजभवनों का नाम अब “लोक भवन” कर दिया गया है। नए नाम के साथ राज्यपाल का मुख्यालय अब लोकतांत्रिक मूल्यों को और बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित करेगा।

Rajbhawan Name Change: केंद्र सरकार के निर्णय के कुछ ही घंटों बाद मध्यप्रदेश में राजभवन का नाम बदलकर आधिकारिक रूप से ‘लोक भवन’ कर दिया गया। शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मिलने राजभवन पहुंचे, तो मुलाकात के तुरंत बाद मुख्य द्वार पर लगी पुरानी ‘राजभवन’ की नेमप्लेट हटाई गई और नई नेमप्लेट ‘लोक भवन’ लगा दी गई।

केंद्र सरकार ने दो दिन पहले ही देशभर के सभी राजभवनों का नाम ‘राजभवन’ से बदलकर ‘लोक भवन’ करने का ऐतिहासिक फैसला लिया था। इसके बाद माना जा रहा था कि मध्यप्रदेश में यह बदलाव सबसे पहले लागू होगा। शुक्रवार को राज्यपाल की उपस्थिति में ‘राज’ शब्द हटाकर ‘लोक’ शब्द लिखने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

इसके साथ ही मध्यप्रदेश नौवां राज्य बन गया है, जहां राजभवन का नाम ‘लोक भवन’ हो गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम, उत्तराखंड, ओडिशा, गुजरात और त्रिपुरा ने यह बदलाव कर लिया था। वहीं केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में उपराज्यपाल निवास को ‘लोक निवास’ नाम दे दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतीकात्मक बदलाव किए गए हैं, जिनमें राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ करना, गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय संगीत धुनों को प्राथमिकता देना और सरकारी दस्तावेजों में ‘इंडिया’ की जगह ‘भारत’ शब्द का बढ़ता प्रयोग शामिल है। मध्यप्रदेश में अब राज्यपाल का आधिकारिक निवास स्थान ‘लोक भवन’ के नाम से जाना जाएगा। सूत्रों के अनुसार शेष राज्यों में भी जल्द ही यह बदलाव लागू कर दिया जाएगा।

अधिक जानने के लिए आज ही शब्द साँची के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करें और अपडेटेड रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *