MP Today Weather: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमते ही गर्मी ने तेजी से जोर पकड़ लिया है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 1 से 5.4 डिग्री तक बढ़ गया है और अब दिन के साथ रातें भी गर्म महसूस होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल को नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन यह कमजोर होने के कारण फिलहाल तेज गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।
MP Today Weather: आंधी-बारिश का दौर थमते ही मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेजी से जोर पकड़ लिया है। अब सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी गर्म महसूस होने लगी हैं। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में 1 से 5.4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में तापमान में सबसे ज्यादा उछाल देखा गया, जबकि भोपाल और रतलाम में भी गर्मी का असर साफ नजर आया। रतलाम में सबसे अधिक 5.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी तापमान में और इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में गर्मी का असर लगातार बढ़ता ही जाएगा।
15 अप्रैल का सिस्टम कमजोर, राहत की उम्मीद कम
मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल को एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होने वाला है, लेकिन यह ज्यादा मजबूत नहीं है। इसलिए प्रदेश में तेज गर्मी का दौर फिलहाल जारी रहने के आसार हैं। बड़ी राहत मिलने की संभावना कम ही दिख रही है।
लोग बदल रहे अपनी आदतें, गन्ने के जूस की दुकानों पर भीड़
तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों की दिनचर्या भी तेजी से बदल रही है। कई लोग चेहरे को कपड़े या स्कार्फ से ढककर घर से निकल रहे हैं, तो कुछ गन्ने का रस, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम के सहारे गर्मी से राहत लेने की कोशिश कर रहे हैं। भोपाल में गन्ने के जूस की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ बढ़ने लगी है।
नर्मदापुरम सबसे गर्म, रतलाम में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
शुक्रवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में 38.6 डिग्री और खरगोन में 38 डिग्री तापमान रहा। धार, खंडवा, नरसिंहपुर और खजुराहो में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक रहा। बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा (35.5 डिग्री), जबकि भोपाल और जबलपुर में 34.6 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री और ग्वालियर में 33.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अप्रैल का बदला ट्रेंड, अब शुरू होगा असली गर्मी का दौर
इस बार अप्रैल की शुरुआत तेज गर्मी से नहीं बल्कि आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से हुई थी। 1 से 9 अप्रैल तक प्रदेश के करीब 45 जिलों में बारिश और 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे थे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा हर साल तेज गर्मी लेकर आता है। अप्रैल-मई गर्मी का पीक पीरियड माना जाता है। इस बार भी वही ट्रेंड नजर आ रहा है और अब असली गर्मी का दौर शुरू होने वाला है।




