सतना कलेक्ट्रेट में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिना हेलमेट पहुंचे कर्मचारियों और लोगों के कटे चालान

Major crackdown by traffic police at Satna Collectorate.

सतना में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से गुरुवार को सतना कलेक्ट्रेट परिसर में एक विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवकों और आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने के प्रति सजग बनाना था।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर के प्रवेश द्वार पर मोर्चा संभाला और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों व आम आगंतुकों की सघन जांच की। नियम तोड़कर कलेक्ट्रेट पहुंचे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत तुरंत चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही अधिकारियों ने नियम तोड़ने वालों को भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की कड़ी समझाइश भी दी।

वहीं दूसरी ओर, नियम का पालन करते हुए हेलमेट पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचे जिम्मेदार वाहन चालकों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। सड़क सुरक्षा का सकारात्मक संदेश देने और लोगों को सुरक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कई वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए।

मौके पर मौजूद एसडीएम रघुराज नगर राहुल सिलाडिया और ट्रैफिक डीएसपी पूनम रावत ने चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट केवल पुलिस चालान या जुर्माने से बचने का साधन नहीं है, बल्कि किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में यह जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कलेक्ट्रेट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे औचक जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *