सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम शिकारगंज में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक खूंखार तेंदुआ सीधे रिहायशी इलाके में जा घुसा। तेंदुए ने जंगल से सटे एक किसान के घर के पास बंधे गाय के बछड़े पर अचानक हमला कर दिया और उसे अपने मुंह में दबाकर तेजी से जंगल की ओर भाग निकला।
घटना शिकारगंज निवासी किसान सुरेश बहरोलिया के घर के पास हुई। अचानक आए तेंदुए को देखकर और मवेशी पर हमला होते देख किसान ने तुरंत शोर मचाकर बछड़े को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होते, तेंदुआ अपने शिकार को लेकर घने जंगल में काफी दूर निकल चुका था।
इस घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर बिन्नी आनंद, रजनेश कुमार सिंह और वनकर्मी विनय मिश्रा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वन विभाग ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और ग्रामीणों से अकेले जंगल की तरफ न जाने तथा अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
डिप्टी रेंजर बिन्नी आनंद ने तेंदुए द्वारा बछड़े के शिकार की पुष्टि करते हुए बताया कि शासन के नियमानुसार मुआवजा प्रकरण तैयार कर लिया गया है, और पीड़ित किसान को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




