भोपाल। मराठी साहित्य अकादमी, भोपाल द्वारा स्थापित कविवर्य भास्कर रामचंद्र तांबे कृति पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई हैं। यह जानकारी देते हुए संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि कैलेंडर वर्ष 2021 के लिए यह पुरस्कार कविता,नाटक और कहानी,उपन्यास की श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे।
इन्हे दिया जाएगा पुरस्कार
जिन साहित्यकारों को यह पुरस्कार दिया जाने की घोषणा की गई है, उनमें जलगांव के रचनाकार बालकृष्ण सोनवणे को कविता,नाट्य लेखन श्रेणी में उनकी कृति समजूतदार जाणिवांचे कवाडसे को पुरस्कार के लिए चुना गया है। कहानी, कादम्बरी श्रेणी में दो रचनाकारों को संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें मुंबई के जयंत पवार की कृति मोरी नींद नसानी होय और सोलापुर की सुश्री गीता जोशी की कृति डोकं शाबूत आहे का चयन किया गया है।
27 फरवरी को दिया जाएगा यह सम्मान
राज्य मंत्री श्री लोधी ने बताया कि इन पुरस्कारों का वितरण आगामी 27 फरवरी, 2026 को मराठी भाषा दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित होने वाले मराठी गौरव दिवस कार्यक्रम में किया जाएगा। पुरस्कृत होने वाले तीनों साहित्यकारों को सम्मान निधि के रूप में 51,000-51,000 रुपये की राशि, प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल भेंट कर पुरस्कृत किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मराठी साहित्य अकादमी द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न विधाओं में श्रेष्ठ कृतियों के लिए कविवर्त भास्कर रामचंद्र तांबे पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं, जिसका उद्देश्य मराठी साहित्य एवं संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करना है।
