Rewa News : बेटे का इलाज कराने मुंबई गया था परिवार, ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पार

Jewellery and cash worth lakhs stolen by breaking the lock of an empty house

रीवा शहर में शातिर चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आनंद नगर, बोदा बाग का है, जहां चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस वक्त हुई जब घर का मालिक अपने बीमार बेटे का इलाज कराने शहर से बाहर गया हुआ था।

इलाज कराने गए थे बाहर, पीछे से हो गया हाथ साफ
जानकारी के अनुसार, नीसेंट इंडियन स्कूल के प्राचार्य अमित सिंह बघेल अपने बेटे के इलाज के सिलसिले में परिवार सहित मुंबई गए हुए थे। घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाते हुए बदमाशों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा, तब मामले का खुलासा हुआ।

CCTV में कैद हुई बदमाशों की करतूत
चोरी की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के विश्लेषण से पता चला है कि, रात 1:30 बजे संदिग्ध बदमाश इलाके में रेकी करते नजर आए। इसके बाद रात 2:09 बजे दो नकाबपोश चोर घर के अंदर दाखिल हुए।
बदमाशों ने बड़ी इत्मीनान से घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेट ली। हालांकि नुकसान का सटीक आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो पाएगा, लेकिन प्राथमिक तौर पर चोरी लाखों में बताई जा रही है।

मोहल्ले वालों ने दी सूचना, जांच में जुटी पुलिस
पड़ोसियों की सूचना पर मुंबई में मौजूद अमित सिंह बघेल ने तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब इन नकाबपोशों की शिनाख्त करने और उनकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
आनंद नगर जैसे रिहाइशी इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और डर है। लोगों का कहना है कि विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सुस्ती के कारण अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *