बलूचिस्तान में आत्मघाती हमला, जाफर एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे; 24 मौतें, 82 घायल

Jaffar Express Suicide Attack Pakistan: पाकिस्तान (Pakistan) के अशांत बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में रविवार को बड़ा आतंकी हमला (Suicide Attack) हुआ। क्वेटा (Quetta) में रेलवे ट्रैक के पास हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके की चपेट में पाकिस्तान रेलवे (Pakistan Railways) की जाफर एक्सप्रेस (Jaffar Express) भी आ गई, जिसके कई डिब्बे पटरी से उतर गए।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेन क्वेटा कैंट स्टेशन (Quetta Cantt Station) की ओर जा रही थी, तभी रेलवे ट्रैक के पास जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों के शीशे तक टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धमाके के बाद मची भगदड़, ट्रैक पर लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के तुरंत बाद ट्रेन के कई डिब्बे हिल गए और कुछ पटरी से उतर गए। रेलवे ट्रैक के पास आग भी लग गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

फायर ब्रिगेड , पुलिस , रेस्क्यू टीम और पाकिस्तानी सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

अब तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकवादी हमला मानकर जांच कर रही हैं।

बलूचिस्तान सरकार के गृह मामलों के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई (Babar Yousafzai) ने कहा कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की।

जाफर एक्सप्रेस पहले भी बन चुकी है निशाना

जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान की प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में शामिल है। यह ट्रेन क्वेटा को कराची (Karachi), लाहौर (Lahore) और रावलपिंडी (Rawalpindi) जैसे बड़े शहरों से जोड़ती है।

यह ट्रेन बलूचिस्तान के कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरती है, जहां लंबे समय से अलगाववादी गतिविधियां और आतंकी हमले होते रहे हैं।

पिछले कुछ वर्षों में रेलवे ट्रैक, सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर कई बड़े हमले हो चुके हैं। खासतौर पर बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) को इन हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता रहा है।

पिछले साल जाफर एक्सप्रेस हाईजैक हुई थी

जाफर एक्सप्रेस इससे पहले भी बड़े हमले का शिकार हो चुकी है। पिछले साल बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। संगठन ने दावा किया था कि उसने 214 यात्रियों को बंधक बनाया और 30 सैनिकों की हत्या की।

बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान के लिए सबसे संवेदनशील इलाकों में गिना जाता है। यहां अलगाववादी संगठन लगातार पाकिस्तानी सेना, सरकारी संस्थानों और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) से जुड़ी परियोजनाओं को निशाना बनाते रहे हैं।

क्यों अशांत रहता है बलूचिस्तान?

बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे कम आबादी वाला प्रांत है। यहां गैस, सोना और खनिजों जैसे प्राकृतिक संसाधनों की भरमार है।

अलगाववादी संगठनों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार और सेना बलूचिस्तान के संसाधनों का इस्तेमाल तो करती है, लेकिन स्थानीय लोगों को उसका फायदा नहीं मिलता। इसी वजह से यहां वर्षों से विद्रोह और हिंसा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *