Instagram Plus Version Subscription: WhatsApp, Instagram और Facebook चलाने के लिए पैसे देने पड़ेंगे… सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें देखकर अगर आपको लगा कि अब रील्स देखने और “हाय-हेलो” करने के भी महीने का बिल आएगा, तो जरा ठहर जाइए. मामला उतना डरावना नहीं है जितना वायरल पोस्ट्स बना रही हैं. Meta ने जरूर नया प्लस वर्जन (Plus Version) लॉन्च किया है, लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं कि अब नॉर्मल यूजर्स से ऐप चलाने के पैसे वसूले जाएंगे.
दरअसल Meta ने अपने ऐप्स के लिए एक नया सब्सक्रिप्शन मॉडल (Subscription Model) पेश किया है, जिसे आप प्रीमियम पैक समझ सकते हैं. यानी जो लोग एक्स्ट्रा फीचर्स (Extra Features) चाहते हैं, वो पैसे देकर Plus Version ले सकते हैं. बाकी जनता पहले की तरह फ्री में चैट भी करेगी, स्टेटस भी लगाएगी और रात 2 बजे तक रील्स भी स्क्रॉल करेगी.
WhatsApp Plus में क्या मिलेगा?
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक Meta का ये नया प्लस वर्जन कई कस्टमाइजेशन फीचर्स (Customization Features) लेकर आएगा. माने अब आपकी चैट स्क्रीन वैसी दिख सकती है जैसी आप चाहते हैं.
• 18 प्रीमियम थीम (Premium Themes)
• एनिमेटेड स्टीकर पैक (Animated Sticker Pack)
• 14 नए ऐप आइकन (App Icons)
• 20 चैट पिन (Chat Pin) करने का ऑप्शन
• एक्सक्लूसिव रिंगटोन (Exclusive Ringtones)
अभी तक नॉर्मल WhatsApp में सिर्फ 3 चैट पिन करने का ऑप्शन मिलता है, लेकिन Plus Version में ये लिमिट बढ़ जाएगी. इसके अलावा Ripple, Carnival, Bubble और Flux जैसे नए रिंगटोन भी मिलेंगे ताकि फोन बजे तो लगे कि कोई गेमिंग लैपटॉप ऑन हो गया है.
अब सवाल- पैसे कितने लगेंगे?
भारत में अभी आधिकारिक कीमत (Official Pricing) का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक WhatsApp Plus का सब्सक्रिप्शन करीब 78 रुपये महीने और Instagram Plus करीब 387 रुपये महीने तक हो सकता है. हालांकि Meta ने साफ किया है कि ये पूरी तरह ऑप्शनल (Optional) सर्विस होगी.
यानि अगर आपको हरे रंग वाली वही पुरानी WhatsApp स्क्रीन से प्यार है और तीन चैट पिन करके ही जीवन सफल लग रहा है, तो आपको एक पैसा देने की जरूरत नहीं है.
असल में Meta अब वही कर रही है जो Spotify, YouTube और Telegram जैसे प्लेटफॉर्म पहले से कर रहे हैं — फ्री यूजर्स के साथ-साथ प्रीमियम यूजर्स के लिए अलग एक्सपीरियंस बनाना. फर्क बस इतना है कि इंटरनेट पर “WhatsApp अब पेड हो गया” वाले पोस्ट्स देखकर लोगों का BP पहले बढ़ गया.




