Influencer Jatin Shukla Apologizes: सांसद शंकर लालवानी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले उत्तर प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जतिन शुक्ला ने पुलिस में केस दर्ज होने के बाद माफी मांग ली है। जतिन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर खेद व्यक्त किया और कहा कि इंदौर की पेयजल त्रासदी पर रील बनाते समय जानकारी के अभाव में भूलवश उन्होंने सांसद के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर दिया। उनका इरादा सांसद की छवि खराब करने या अपमान करने का नहीं था।
Influencer Jatin Shukla Apologizes: इंदौर के भाजपा सांसद शंकर लालवानी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी और अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले उत्तर प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जतिन शुक्ला ने विवादित वीडियो हटा लिया है और सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। यह मामला इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल त्रासदी से जुड़ा था, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी।
जतिन शुक्ला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर माफी मांगी। उन्होंने कहा, “कुछ दिनों पहले इंदौर की घटना पर वीडियो बनाया था। जानकारी के अभाव में मैंने वीडियो में कुछ अपशब्दों का उपयोग किया था। मेरा मकसद सांसद की छवि धूमिल करने का नहीं था। मेरी बातों से उनकी भावनाएं आहत हुईं। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा सांसद का अपमान करना नहीं था और गलती से ऐसा हुआ।
पुलिस में दर्ज हुआ था मामला
शुक्ला के वीडियो वायरल होने के बाद सांसद के प्रतिनिधि विशाल गिदवानी ने इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में वीडियो और स्क्रीनशॉट सौंपे गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (भ्रामक जानकारी फैलाना) और 352 (अपमानजनक कृत्य) के तहत प्रकरण दर्ज किया और आरोपी से संपर्क किया। FIR 30 जनवरी को दर्ज हुई थी। माफी मांगने के बाद मामला ठंडा पड़ता दिख रहा है।
सांसद प्रतिनिधि की प्रतिक्रिया
माफी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी ने कहा, “चुटकी लेना, हास्य बनाना, व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना सोशल मीडिया का कचरा है, जिसकी सफाई जरूरी है। किसी के जीवन को प्रभावित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर नहीं डालने चाहिए। इस मीडिया का उपयोग सकारात्मक तरीके से होना चाहिए।”
