इंदौर में डॉक्टर का हॉस्टल के नीचे शव मिलने से सनसनी, सुसाइड या फिर और कुछ? जांच में जुटी पुलिस

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में एक डॉक्टर द्वारा सुसाइड किए जाने का मामला सामने आ रहा है। यह घटना शहर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर की है। जंहा हॉस्टल में रहकर डॉक्टर की पढ़ाई करने वाले पीजी अंतिम वर्ष के छात्र डॉ. अमन पटेल का देर रात हॉस्टल के नीचे शव पड़ा होने से मेडिकल कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे हॉस्टल के चौकीदार ने कॉलेज के हॉस्टल ब्लॉक नंबर पांच के नीचे उनका शव पड़ा देखा। इसके बाद साथियों ने तुरंत कॉलेज प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन, छात्र और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सुसाइड या फिर और कुछ

हॉस्टल परिसर में 30 वर्षीय डॉ. अमन पटेल की लॉश पाए जाने के मामले में प्रथमदृष्टा में पुलिस इसे सुसाइड मान कर जांच कर रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि देर रात अमन ने हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने डॉ. अमन के कमरे की भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले उन्होंने किन लोगों से बातचीत की थी।

पढ़ाई मे होनहार था अमन

जानकारी के अनुसार डॉ. अमन पटेल मेडिसिन विभाग में पीजी फाइनल ईयर के छात्र थे। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर से की थी और आगे की पढ़ाई के लिए इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। कुछ महीनों में उसकी डिग्री पूरी होने वाली थी। साथी छात्रों का कहना था कि अमन पढ़ाई में काफी होनहार और शांत स्वभाव का था।

एक साल में यह दूसरी घटना

मेडिकल कॉलेज में पिछले एक साल के भीतर आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले भी एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुटी है। जिससे यह साफ हो सकें कि डॉक्टर की मौत की असली वजह घरेलू तनाव या फिर कॉलेज एवं पढ़ाई का कोई टेंशन था अथवा रंजिशन इस घटना को अंजाम दिया गया?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *