Husband brutally beats wife to death due to character doubt in Sidhi: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बढ़ौरा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला की उसके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतका उमा रावत का शव खलिहान में संदिग्ध हालत में मिला। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। जानकारी के अनुसार, उमा अपने पति मिथिला उर्फ ललवा रावत के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रही थी और रात में वहीं ठहरती थी।
मंगलवार रात जब मृतका की मां मुन्नी खलिहान पहुंची, तो बेटी की हालत देखकर सन्न रह गई। आरोपी ने हत्या के बाद शव को रजाई से ढंक दिया था और मौके से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घेराबंदी कर बुधवार देर रात आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते लाठी से पीट-पीटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल ने बताया कि आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
