मैहर : घर में घुसा विशाल मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप, वन विभाग ने रेस्क्यू कर किया सुरक्षित

Huge crocodile entered the house in Maihar

Huge crocodile entered the house in Maihar: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक बार फिर वन्यजीव और मानव आवास के बीच की सीमा धुंधली पड़ गई, जब अमरपाटन वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हर्रई टटेहरा टोला में शनिवार शाम एक बड़ा मगरमच्छ खेत से होते हुए एक घर के आंगन में घुस आया। इस अप्रत्याशित घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों में दुबक गए। तुरंत सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मुकुंदपुर रेस्क्यू सेंटर की विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया।

टीम ने अत्यंत सावधानी और कुशलता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मगरमच्छ को किसी तरह की चोट पहुंचाए बिना सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया। रेस्क्यू के बाद इसे विशेष वाहन में रखकर बाणसागर बांध के सुरक्षित और प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जहां यह अपने मूल आवास में सुरक्षित रहेगा।

इस सफल अभियान में मुकुंदपुर रेस्क्यू सेंटर के रेस्क्यू इंचार्ज अभिषेक विश्वकर्मा, परिक्षेत्र सहायक रामनिहोर वर्मा, अखिलेश मिश्रा, सीताराम पाल, पप्पू कोल, मोहित सिंगरहा और आशीष रैकवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वन विभाग ने इस घटना के बाद ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कभी कोई वन्यजीव घर या गांव के आसपास दिखे तो घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल निकटतम वन कार्यालय, हेल्पलाइन या 112 पर सूचना दें। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम किया जा सकता है और दोनों पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

गौरतलब है कि बाणसागर बांध क्षेत्र में मगरमच्छों की अच्छी संख्या मौजूद है, और मौसम या पानी के स्तर में बदलाव के कारण वे कभी-कभी खेतों या गांवों की ओर भटक जाते हैं। विभाग नियमित रूप से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *