Sidhi News: छात्रावास अधीक्षक को 10 हजार रिश्वत लेते लोकायुक्त रीवा ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

Hostel superintendent caught taking bribe in Sidhi

Hostel superintendent caught taking bribe in Sidhi: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल अनुसूचित जाति जूनियर बालक छात्रावास क्रमांक 2 में गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। लोकायुक्त रीवा की टीम ने छात्रावास अधीक्षक अशोक पांडे को रिटायर्ड शिक्षक से उनकी भविष्य निधि (GPF) फाइल क्लियर कराने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह ट्रैप ऑपरेशन दोपहर लगभग एक बजे 12 सदस्यीय टीम ने अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधीक्षक अशोक पांडे ने हाल ही में चार महीने पहले रिटायर हुए शिक्षक वशिष्ठ मुनि द्विवेदी निवासी टिकरी, थाना मड़वास से GPF फाइल पास करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। द्विवेदी इसी छात्रावास में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त टीम ने पहले गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत की मांग की पुष्टि हो गई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और कार्रवाई को अंजाम दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह तय रकम लेकर अधीक्षक के पास पहुंचे, तो वह परिसर में कुछ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पत्रकारों की मौजूदगी देखकर अशोक पांडे ने रुपये लेने से बचने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पहले से घेराबंदी कर रखी थी। थोड़ी ही देर में लोकायुक्त ने उन्हें रिश्वत लेते धर दबोचा।लोकायुक्त निरीक्षक उपेंद्र द्विवेदी ने बताया कि शिकायत की पुष्टि के बाद ही यह कार्रवाई की गई। आरोपी से पूछताछ जारी है।

गिरफ्तारी के बाद अशोक पांडे ने अपनी फोटो और वीडियो सार्वजनिक न करने का अनुरोध किया, जिसके चलते लोकायुक्त टीम ने कोई विजुअल जारी नहीं किया। फिलहाल आरोपी को पूछताछ के लिए रेस्ट हाउस में रखा गया है।यह घटना भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की सतत कार्रवाई का हिस्सा है। हाल ही में रीवा संभाग में कई रिश्वतखोरों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाइयां हो चुकी हैं, जो भ्रष्टाचार पर लगाम कसने का संदेश दे रही हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *