Horrific road accident on Rewa-Mangawa highway: रीवा से एक बेहद ही हृदयविदारक और दर्दनाक खबर सामने आई है। रीवा-मनगवां हाईवे पर रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के कोष्टा के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हादसा इतना भीषण हो गया कि तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रतहरा निवासी शीतल विश्वकर्मा, चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा और शिवम विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
परिवार स्रोतों के अनुसार, भागवत विश्वकर्मा अपने पुत्र शुभम विश्वकर्मा की 25 फरवरी को होने वाली शादी के लिए चिरहुला मंदिर में कार्ड चढ़ाने जा रहे थे। बाइक पर सवार तीनों लोग क्रॉसिंग लेने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनसे टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बहुत अधिक थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हाईवे पर जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें खड़ी हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और कार चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है।
